सर्वाइकल कैंसर रोकथाम हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ
सीएमएचओ ने किया शुभारंभ, 14 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा निःशुल्क टीका
नर्मदापुरम/28 फरवरी 2026/ Narendra Modi द्वारा अजमेर से प्रारंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत नर्मदापुरम जिले में शनिवार से विशेष अभियान की शुरुआत की गई। जिला अस्पताल में सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गेहलोत ने बालिकाओं को टीका लगवाकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर अभियान का शुभारंभ किया।
कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों में यह अभियान संचालित होगा। आगामी 90 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष पूर्ण न करने वाली बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका लगाया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. गेहलोत ने बताया कि एचपीवी वायरस से होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में यह टीका सुरक्षित और प्रभावी है। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालय में शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक टीकाकरण किया जाएगा।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें। अधिक जानकारी के लिए संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क किया जा सकता है। 14 वर्ष आयु की बालिकाएं यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण कर अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण हेतु स्लॉट भी बुक कर सकती हैं।