आलोट। मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी" नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत रविवार को आलोट के कारगिल चौराहे पर आलोट पुलिस एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में एसडीओपी पल्लवी गौड़ ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अभिशाप है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने नशे के दुष्परिणामों का सजीव मंचन किया। कलाकारों ने संदेश दिया कि "नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें" तथा "नशे से दूरी है ज़रूरी" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज की दिशा में जनआंदोलन है।

कार्यक्रम में उपनिरीक्षक प्रमोद राठौर, उपनिरीक्षक मोहनलाल भाटी, सहायक उपनिरीक्षक भारत सिंह सिंगाड़, प्रधान आरक्षक राहुल राठौर, सहायक उपनिरीक्षक दशरथ पाटीदार, आरक्षक दीपक पाटीदार एवं आरक्षक विश्वेन्द्र जाट सहित पुलिस विभाग का अमला उपस्थित रहा। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से नशे के विरुद्ध जागरूक रहने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने की अपील की।