आलोट। नगर की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर मनोज ऊंटवाल की पहल रंग लाई है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सौंदर्यीकरण के लिए करीब आठ करोड़ रुपए के प्रस्ताव को लेकर मनोज ऊंटवाल के नेतृत्व में मंदिर समिति के सदस्यों ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए अब पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपए की राशि मंदिर समिति के खाते में पहुंच गई है।

मंदिर में निर्माण एवं जीर्णोद्धार का कार्य लगभग पूर्ण होने के बाद अब परिसर के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मंदिर समिति ने मंदिर के समग्र विकास के लिए करीब आठ करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपए मिलने से मंदिर समिति में उत्साह है।

        मनोज ऊंटवाल के प्रयासों से आगे बढ़ी प्रक्रिया

मंदिर परिसर के विकास के लिए राशि उपलब्ध कराने को लेकर मनोज ऊंटवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष प्रमुखता से मांग रखी थी। इसके बाद शासन स्तर पर प्रस्ताव पर कार्रवाई आगे बढ़ी और पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपए उपलब्ध हुए। राशि अब मंदिर समिति के खाते में पहुंच चुकी है।

                    50 लाख से होंगे ये प्रमुख कार्य

राशि प्राप्त होने के बाद मंदिर समिति द्वारा विकास कार्यों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए।

इनमें मंदिर के मुख्य द्वार का निर्माण, आदि योगी प्रतिमा से नागचंद्रेश्वर मंदिर तक सीसी रोड निर्माण, मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत लाइटिंग तथा नागचंद्रेश्वर मंदिर की रेलिंग की रिपेयरिंग एवं रंग-रोगन सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

समिति ने मुख्यमंत्री और मनोज ऊंटवाल का माना आभार

50 लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष केदारमल काला सहित समिति सदस्यों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। साथ ही राशि उपलब्ध कराने की पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मनोज ऊंटवाल के प्रति भी समिति ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

समिति सदस्यों ने कहा कि आठ करोड़ रुपए के प्रस्ताव की दिशा में 50 लाख रुपए की पहली किस्त विकास कार्यों की महत्वपूर्ण शुरुआत है। आगामी चरणों में प्रस्तावित शेष कार्यों के लिए भी राशि उपलब्ध कराने को लेकर मनोज ऊंटवाल से प्रयास जारी रखने की अपेक्षा जताई गई है।

मंदिर का स्वरूप होगा और आकर्षक

मंदिर का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य लगभग पूर्ण होने के बाद अब परिसर में सुविधाओं और सौंदर्यीकरण के कार्य शुरू होने से श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है। मुख्य द्वार, सीसी रोड, आकर्षक विद्युत लाइटिंग और नागचंद्रेश्वर मंदिर की रेलिंग सहित प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर का स्वरूप और अधिक भव्य एवं आकर्षक नजर आएगा।