ऑपरेशन 'हेलो' की बड़ी सफलता: 105 गुम मोबाइल बरामद, 21.90 लाख की संपत्ति लौटाएगी आलीराजपुर पुलिस
सायबर सेल की तकनीकी ट्रैकिंग से मिली कामयाबी, मोबाइल जल्द सौंपे जाएंगे वास्तविक मालिकों को
रिपोर्टर : मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर | 06 जुलाई 2026
आलीराजपुर जिला पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन हेलो" के तहत सायबर सेल ने विभिन्न कंपनियों के 105 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹21.90 लाख बताई गई है। वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देश पर गुम मोबाइल संबंधी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल द्वारा आधुनिक तकनीक, डिजिटल ट्रैकिंग और वैज्ञानिक विश्लेषण के माध्यम से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत इससे पहले भी 937 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों को वापस सौंपे जा चुके हैं।
इस बार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल के मार्गदर्शन में सायबर सेल की टीम ने सतत मॉनिटरिंग, तकनीकी विश्लेषण और ट्रेसिंग के जरिए 105 मोबाइल बरामद किए। इस कार्रवाई से मोबाइल खो चुके नागरिकों को बड़ी राहत मिली है और जिला पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन हेलो के माध्यम से गुम संपत्ति की बरामदगी लगातार जारी है और आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
इनका रहा विशेष योगदान
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक छगनसिंह बघेल, प्रधान आरक्षक दिलीप चौहान, आरक्षक प्रमोद भयडिया, राहुल तोमर, संदीप चौहान एवं नागरसिंह सोलांकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही जिले के सभी थानों के सायबर मित्रों ने भी मोबाइल ट्रेसिंग और समन्वय में सहयोग दिया।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या किसी भी प्रकार की साइबर ठगी अथवा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, सायबर सेल या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं
Continue With Google
Comments (0)