95वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब: अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को श्रद्धांजलि
मुंगावली। निर्भीक पत्रकारिता के पर्याय और सांप्रदायिक सद्भाव के प्रतीक, महान देशभक्त अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी जी की 95वीं पुण्यतिथि बुधवार को मुंगावली में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
मुंगावली की माटी से विद्यार्थी जी का गहरा नाता
गणेश शंकर विद्यार्थी जी का मुंगावली से गहरा नाता रहा है। उनका बचपन इसी नगर की गलियों में बीता और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा तत्कालीन एंग्लो वर्नाक्यूलर स्कूल (वर्तमान मिडिल स्कूल, बहादुरपुर रोड) से प्राप्त की थी। यही कारण है कि मुंगावली वासी उन्हें अपना 'नगर गौरव' मानते हैं।
विद्यार्थी चौराहा पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन
बुधवार सुबह 10:00 बजे नगर के विद्यार्थी चौराहा (इमली चौराहा) पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में ज्ञानालय परिवार के मुखिया अर्जुन सिंह यादव ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थी जी ने न केवल अपनी कलम से अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी, बल्कि 25 मार्च 1931 को कानपुर के दंगों में मानवता और सौहार्द की रक्षा करते हुए अपना बलिदान दे दिया।
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के मुंगावली ब्लॉक अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह दांगी ने कहा, "गणेश शंकर विद्यार्थी जी के आदर्श आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं। उनकी निर्भीक पत्रकारिता और सामाजिक समरसता का संदेश नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।"
कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग की सहभागिता
- नगर परिषद अध्यक्ष नीतू ग्वाल
- अर्जुन सिंह यादव, ज्ञानालय परिवार
- भाजपा नेता प्रद्युमन सिंह दांगी
- एसडीएम इसरार खान
- तहसीलदार सोनम शर्मा
- बीईओ श्याम विहारी शर्मा
- वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद राय
- अन्य गणमान्य नागरिक
पुण्यतिथि के अवसर पर नगर के गणेश शंकर विद्यार्थी महाविद्यालय में भी जन भागीदारी समिति अध्यक्ष दीपक पालीवाल, संस्था प्राचार्य सचिन सिंह सहित महाविद्यालय परिवार और नगर के पत्रकारों ने विद्यार्थी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावांजलि दी।

Continue With Google
Comments (0)