अनूपपुर। जिला प्रशासन अनूपपुर द्वारा मां नर्मदा की पावन नगरी अमरकंटक में आयोजित चार दिवसीय ‘वॉटरफॉल माउंटेन ट्रैक’ का भव्य शुभारंभ किया गया। यह आयोजन विश्व प्रसिद्ध ट्रैकिंग संस्था Indiahikes के सहयोग से संपन्न हो रहा है। माउंटेन ट्रैकिंग के प्रथम दिवस ट्रैकर्स का दल जिले के मनोरम जोहिला क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है।
ग्रामीण परंपरा से स्वागत और परिचय
प्रथम पड़ाव पर Indiahikes के प्रतिनिधियों एवं ट्रैकर्स का स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक तिलक एवं पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर परिचय सत्र आयोजित कर क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विशेषताओं पर संवाद किया गया।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री गणेश पांडे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जैतहरी, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जोहिला डैम बना पहला पड़ाव
ट्रैकिंग के प्रथम दिवस का मुख्य आकर्षण जोहिला डैम रहा, जहाँ ट्रैकर्स के लिए अस्थायी टेंट (बेस कैंप) स्थापित किए गए हैं। विंध्य पर्वतमालाओं की गोद में स्थित इस स्थल पर प्रतिभागियों ने प्रकृति के मध्य रात्रि विश्राम किया।
Indiahikes के प्रतिनिधि श्री अंकित कुमार के नेतृत्व में ‘Green Trails’ (शून्य कचरा नीति) का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की पर्यावरणीय शुचिता बनी रहे। रात्रि विश्राम उपरांत ट्रैकिंग दल आगामी दिवस पडौना वॉटरफॉल की ओर प्रस्थान करेगा।
जिला प्रशासन की यह पहल साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने एवं स्थानीय स्वरोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Continue With Google
Comments (0)