छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पहरा में गेहूं की फसल के बीच छिपाकर उगाई जा रही गांजे की खेती को पकड़ा है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक खेत में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे लगाए गए हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की जांच की, जहां करीब 1 बीघा जमीन में गांजे की खेती की जा रही थी।

पुलिस ने मौके से कुल 483 गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी बेटू कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरदेव सिंह, प्रधान आरक्षक सुरविन्द सिंह, रामकृपाल शर्मा, सूर्यप्रकाश बाजपेयी तथा आरक्षक उदय सिंह, शैलेन्द्र सिंह, रामनिवास साहू और सोनू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।