ग्राम पंचायत बेलढाना: सीसी सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

पहली बारिश में क्षतिग्रस्त होने की आशंका, ग्रामीणों ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

संवाददाता: सतीष सेन, देवरी सागर

सागर जिले की देवरी जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलढाना में निर्माणाधीन सीसी सड़क को लेकर गंभीर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिसके चलते सड़क पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।

तकनीकी मानकों की अनदेखी

  • निर्माण कार्य में उचित बेस का अभाव
  • पॉलीथिन शीट और वाइब्रेटर का उपयोग नहीं
  • गुणवत्तापूर्ण ब्लैक डस्ट का अभाव
  • कई स्थानों पर सड़क की मोटाई निर्धारित मानकों से कम

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की सतह कई जगह इतनी कमजोर है कि वह "पापड़" की तरह टूटती नजर आ रही है। उनका आरोप है कि लाखों रुपये की सरकारी राशि से बन रही यह सड़क पहली बरसात भी नहीं झेल पाएगी।

निर्माण की निगरानी में कमी

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी, सचिव अथवा सरपंच की नियमित निगरानी नहीं हो रही है। देवरी जनपद पंचायत के उपयंत्री संजय खटीक निरीक्षण के लिए पहुंचे थे, लेकिन गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ।

प्रशासन से मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की मोटाई, गुणवत्ता और उपयोग की गई सामग्री की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही, यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

सरपंच का पक्ष

ग्राम पंचायत बेलढाना की सरपंच श्रीमती गेदा रानी आदिवासी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जा रहा है तथा सभी आवश्यक मानकों का पालन किया जा रहा है।

इंजीनियर का पक्ष

इस संबंध में देवरी जनपद पंचायत के उपयंत्री  राजेन्द्र अहिवार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।