पांचवीं-आठवीं परिणाम में आया सुधार : ए ग्रेड विद्यार्थियों की संख्या में हुई बढ़ोतरी

परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले विद्यार्थियों को जून माह में मिलेगा दोबारा मौका

बड़वानी -बोर्ड पैटर्न पर आयोजित कक्षा पांचवीं व आठवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा के परिणाम बुधवार को जारी किए गए। गत वर्ष के मुकाबले इस बार जिले में इन कक्षा के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर रहा। खासकर ए ग्रेड व ए प्लस के आंकड़ों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक रही। परिणाम पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिले नजर आए। जानकारी के अनुसार इस वर्ष कक्षा आठवीं में कुल 18 हजार 18 विद्यार्थी दर्ज थे। इसमें से 16 हजार 821 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से 16 हजार 326 विद्यार्थी सफल तथा 495 असफल रहे। जबकि 1196 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे थे। इसी तरह कक्षा पांचवीं में कुल दर्ज 25 हजार 780 में से 24 हजार 299 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 23 हजार 556 विद्यार्थी उर्तीण रहे और 743 असफल रहे। वहीं 1481 विद्यार्थी ऐसे रहे, जो किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे। इन कक्षाओं के ऐसे विद्यार्थी, जो वार्षिक परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाए थे, उनको जून माह में दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा। इसमें कक्षा पांचवीं के 1481 और आठवीं के 1196 विद्यार्थी शामिल हैं।

प्रदेश में 10वीं व 17वीं रैंक मिली - शिक्षा विभाग के अनुसार इस वर्ष बेहतर परीक्षा से प्रदेश में जिले की रैंक में भी सुधार आया हैं। प्रदेश स्तर पर पांचवीं के परिणाम में बड़वानी जिला 17वीं रैंक पर, तो 8वीं में 10 वी रैंक पर रहा हैं। जिले में इस वर्ष 8वीं का परिणाम 97.6 प्रतिशत और 5वीं में 96.94 प्रतिशत रहा। हालांकि जिले की शासकीय व निजी विद्यालयों के अलग-अलग परिणाम की स्थिति फिलहाल पोर्टल पर दर्ज नहीं हुई हैं।

ए ग्रेड विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी डीपीसी अशरफ खान ने बताया कि जिले में इस वर्ष इन कक्षाओं में गत वर्ष की तुलना में ए प्लस और ए ग्रेड में बच्चों की बढ़ोतरी हुई है। इसका कारण कक्षाओं में कमजोर छात्रों के लिए शिक्षकों द्वारा अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की गई। इसके चलते इस वर्ष पांचवीं में 5836 और आठवीं में 6354 विद्यार्थी ए प्लस व ए ग्रेड में रहे हैं। वहीं जून माह में द्वितीय परीक्षा उपरांत उक्त परिणामों में 2 प्रतिशत तक और सुधार का अनुमान हैं।