टीकमगढ़। शहर में सुरक्षा और पुलिस निगरानी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक के बंगले, एसडीओपी बंगले और पुलिस लाइन के नजदीक एक महिला से दो अज्ञात युवकों द्वारा कथित रूप से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि दोनों युवक उसे बातचीत में उलझाकर उसके सोने के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लुकमान चौराहा निवासी मालती राय पति स्वर्गीय हरिसिंह राय ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह सुबह करीब 6 बजे पूजा के लिए फूल तोड़ने और सामान खरीदने केंद्रीय मंत्री के बंगले के पास गई थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत करने लगे।
महिला के अनुसार, युवकों ने बातचीत के दौरान परिवार से जुड़ी बातें बताकर उनका विश्वास हासिल किया और उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया। इसी दौरान दोनों युवक कथित तौर पर महिला के पास रखे सोने के जेवर और पर्स लेकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत में महिला ने सोने के दो टोकस, दो सोने की कंचड़ी, एक सोने का पेंडल और पर्स में रखे 500 रुपये गायब होने की बात कही है।
संवेदनशील इलाके में घटना से सुरक्षा पर सवाल
घटना ऐसे स्थान के पास हुई है, जहां केंद्रीय मंत्री का बंगला, एसडीओपी आवास और पुलिस लाइन स्थित हैं। ऐसे में सुबह के समय दो अज्ञात युवकों द्वारा महिला को कथित रूप से ठगी का शिकार बनाए जाने के बाद पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
महिला ने पुलिस से सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच की CCTV फुटेज खंगालने की मांग की है। पुलिस यदि आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच करती है तो दोनों संदिग्ध युवकों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना का वास्तविक स्वरूप और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Continue With Google
Comments (0)