बड़वानी -आगामी त्यौहारों ईद उल फितर, गणगौर माता पूजन और रामनवमी के पावन अवसर पर नगर में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा निर्देशित किया है। इसके तहत सेंधवा शहर पुलिस ने नपा के सभागृह में शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता एसडीओपी अजय वाघमारे, थाना प्रभारी दिनेश सिंह
कुशवाह, नायब तहसीलदार सुधीर कुमार शर्मा और नपा के विशाल जोशी की उपस्थिति में संपन्न हुई। जिसमें नगर के गणमान्य नागरिक, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि एवं उत्सव समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आह्वान किया कि सभी नागरिक आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पारंपरिक रीति रिवाजों का पालन करते हुए त्यौहार मनाए। किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ न करें।बैठक में त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही रामनवमी जुलूस और गणगौर विसर्जन के मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और मार्गों में आने वाली बाधाओं जैसे झूलते विद्युत तार व गड्डों को समय रहते दुरुस्त करने के लिए
संबंधित विभागों को निर्देशित किया। थाना प्रभारी द्वारा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा सांप्रदायिक पोस्ट साझा न करने की अपील की। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी। इसके अतिरिक्त नगर पालिका को पेयजल, साफ सफाई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।