बड़वानी-महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों के साथ बाल अधिकार, सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। संचालन पहल जन सहयोग विकास संस्था ने किया। संस्था के विकासखंड समंवयक जुनेद खान एवं क्षेत्रीय समंवयक अजय वनियाल ने उपस्थित लोगों को बाल संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी प्रीति बड़ोले, सुपरवाइजर मुन्नी चौहान तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित कुल 27 प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बच्चों के अधिकार, उनकी सुरक्षा, शिक्षा और संरक्षण के महत्व पर जानकारी दी गई। सभी ने बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण एवं बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा का विरोध करनेका संकल्प लिया तथा बच्चों के जीवन, सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। ग्रामीणों को यह भी बताया कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस क्रम में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी।
*सामूहिक प्रयास करने का संकल्प दोहराया*
परियोजना अधिकारी प्रीति बड़ोले ने कहा कि ये पहल अत्यंत सराहनीय है और भविष्य में भी विभाग द्वारा ऐसे कार्यों में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अपने गांव को बाल-अनुकूल, सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण बनाने, बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने तथा बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प दोहराया।

Continue With Google
Comments (0)