छतरपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सटई रोड स्थित मरघट के पास दबिश देकर 1 लीटर नशीला सिरप और 150 नशीली टैबलेट के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹6000 बताई जा रही है। आरोपियों के पास किसी प्रकार के वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय परामर्श नहीं मिला।

गिरफ्तार आरोपियों में दीपेंद्र सिंह उर्फ डीपी ठाकुर, अमन रावत और सुनील अवस्थी शामिल हैं, जबकि सौरभ जड़िया फरार है। खास बात यह है कि मुख्य आरोपी डीपी ठाकुर पहले से ही हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, बलवा, चोरी और एनडीपीएस जैसे 15 से अधिक मामलों में लिप्त रहा है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट एवं मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।