छात्रावासों में पहुंचीं कलेक्टर नीतू माथुर, विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद; भोजन, स्वच्छता और पढ़ाई की व्यवस्थाएं परखी
एक्स्ट्रा क्लास शुरू करने के निर्देश, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर दिया जोर
रिपोर्टर: मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर | 19 जुलाई 2026कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने रविवार को तहसील सोंडवा अंतर्गत शासकीय आदिवासी जूनियर बालक छात्रावास उमरेठ, आवासीय बालिका छात्रावास साकड़ी एवं आवासीय बालिका आश्रम सोंडवा का औचक निरीक्षण कर छात्रावासों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूलभूत सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालयों की स्थिति एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, भोजन की गुणवत्ता तथा छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल रहा है या नहीं। साथ ही रसोईघर, पेयजल व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई एवं शौचालयों का भी निरीक्षण किया।कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, अध्ययन और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, स्वच्छता और समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपने सवाल रखे, जिनका उन्होंने सहज और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया।निरीक्षण के दौरान छात्रावास अधीक्षकों को निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। छात्रावास परिसर, रसोईघर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखा जाए।शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए कलेक्टर ने नियमित कक्षाओं के साथ अतिरिक्त अध्ययन कक्षाएं (एक्स्ट्रा क्लास) संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राएं आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले प्रत्येक विद्यार्थी की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए तथा शासन की सभी सुविधाएं पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावासों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी समय पर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि संसाधनों की व्यवस्था कर उनका त्वरित निराकरण किया जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, अनुशासन एवं समुचित देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोंडवा श्रीमती सविता राठी, तहसीलदार श्री हीरालाल अस्के सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)