कलेक्टर नीतू माथुर खुद पहुंचीं कन्या शिक्षा परिसर, छात्राओं की समस्याएं सुनीं
भोजन की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश, अनुशासन और शिकायतों के उचित माध्यम अपनाने की दी समझाइश
रिपोर्टर: मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर, 13 जुलाई।उदयगढ़ स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की कुछ छात्राएं अपनी समस्याओं को लेकर सोमवार को पैदल जिला मुख्यालय आलीराजपुर के लिए निकल पड़ीं। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और अधिकारियों ने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राओं ने अपनी बात सीधे कलेक्टर के समक्ष रखने की इच्छा जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर स्वयं उदयगढ़ पहुंचीं। उन्होंने सड़क पर ही छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और भावनाएं सुनीं। इसके बाद सभी छात्राओं को सुरक्षित वाहनों से वापस शासकीय कन्या शिक्षा परिसर पहुंचाया गया।
परिसर में कलेक्टर ने छात्राओं के साथ विस्तृत चर्चा की। छात्राओं ने गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं बताईं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाएगा।
चर्चा के दौरान छात्राओं ने यह भी बताया कि कुछ छात्राएं रात में छात्रावास की खिड़की की जालियां तोड़कर बाहर निकल गई थीं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित छात्राओं के अभिभावकों को छात्रावास बुलाने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने छात्राओं को समझाइश दी कि भविष्य में किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी शिक्षक, वार्डन अथवा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाएं। बिना सूचना दिए छात्रावास से बाहर निकलना उचित नहीं है। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए मंडल संयोजक को छात्रावास का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर, एसडीएम जोबट, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, सीईओ जनपद पंचायत उदयगढ़ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Continue With Google
Comments (0)