सेवानिवृत्ति के बाद पहली बार पैतृक गांव पहुंचे अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा.

कोकिंदा परिवार एवं ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत, साझा किए 42 वर्षों की शासकीय सेवा के अनुभव

रामपुरा/दुधलाई, अगस्त 2026। अपर कलेक्टर, आगर-मालवा श्री आर.पी. वर्मा 42 वर्षों की शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद पहली बार रविवार को अपने पैतृक गांव दुधलाई पहुंचे। कोकिंदा परिवार एवं ग्रामीणों ने पुष्पमालाओं, फूलों व नारियल से उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भारत माता की जय के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। गांव पहुंचकर श्री वर्मा ने सर्वप्रथम बस स्टैंड स्थित बालाजी महाराज के दर्शन किए। इसके बाद ग्रामीणों के स्वागत के बीच वे अपने पैतृक निवास पहुंचे, जहां कोकिंदा परिवार द्वारा स्वागत समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में श्री वर्मा ने अपने 42 वर्षों के सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 1984 में ग्राम नलवा से शिक्षक के रूप में सेवा शुरू की और वर्ष 1988 में नायब तहसीलदार के पद से राज्य प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। सतना, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर एवं नीमच सहित विभिन्न जिलों में उन्होंने प्रशासनिक सेवाएं दीं।

ग्रामीण परिवेश से निकलकर बिना कोचिंग स्वयं अध्ययन के बल पर प्रशासनिक सेवा में प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त करने की उनकी यात्रा को वक्ताओं ने नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया। सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक-आध्यात्मिक सरोकारों के लिए भी श्री वर्मा की सराहना की गई।

सेवानिवृत्ति के बाद श्री वर्मा ने परिवार के साथ समय बिताने के साथ समाजसेवा एवं सामाजिक कार्यों के लिए समय समर्पित करने की इच्छा जताई। समारोह में परिवारजनों एवं ग्रामीणों ने उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।