केसली को सूखाग्रस्त घोषित करने और जनसमस्याओं के समाधान हेतु राज्यपाल के नाम ज्ञापन
केसली (सागर): ब्लॉक कांग्रेस (इ) कमेटी, केसली (जिला सागर) द्वारा देवरी-केसली विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त गंभीर समस्याओं और अवर्षा से उत्पन्न संकट को लेकर महामहिम राज्यपाल, मध्य प्रदेश शासन के नाम तहसीलदार केसली को ज्ञापन सौंपा गया। पूर्व मंत्री हर्ष यादव और कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में सौंपे गए इस ज्ञापन में क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने सहित 9 प्रमुख सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की अपील की गई है।
अल्पवर्षा से फसलों को नुकसान, सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि केसली विकासखंड सागर जिले में सर्वाधिक 60-70 इंच (लगभग 1200 मिमी) वर्षा के लिए जाना जाता है। हालांकि, इस वर्ष बारिश सीजन समाप्त होने की कगार पर है और 26 अगस्त तक मात्र 484 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई है। अल्पवर्षा के कारण धान, उड़द, मक्का और सोयाबीन की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। जलस्रोतों और बांधों में पानी न भरने से आगामी रबी सीजन की सिंचाई पर भी संकट मंडरा रहा है।
कांग्रेस ने मांग की है कि-
केसली विकासखंड को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित कर फसल क्षति का पारदर्शी सर्वे कराया जाए।
प्रभावित किसानों को राहत राशि और फसल बीमा योजना का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
किसानों की ऋण वसूली और बकाया बिजली बिलों की वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए।
ज्ञापन में उठाई गईं अन्य मुख्य जनसमस्याएं
महंगाई पर नियंत्रण: डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, खाद्य तेल और सब्जियों की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाकर आम जनता को राहत देने की मांग की गई।
राजस्व रिकॉर्ड सुधार और भ्रष्टाचार पर रोक: पटवारियों और विभागीय लापरवाही के कारण किसानों की भूमि अन्य व्यक्तियों के नाम पर दर्ज होने की शिकायतों का निस्तारण किया जाए। रिकॉर्ड सुधार के नाम पर हो रही अवैध वसूली बंद हो।
रियायती बस सेवा व किराया वृद्धि वापसी: महिलाओं, विद्यार्थियों और कम आय वर्ग के लिए रियायती पास लागू किए जाएं और प्रस्तावित 60% किराया वृद्धि वापस ली जाए।
ड्रोन सर्वे की निष्पक्ष जांच: देवरी क्षेत्र में 2 वर्ष पूर्व हुए ड्रोन सर्वे में पुस्तैनी मकानों को शासकीय दर्ज करने की गड़बड़ियों की जांच कर सुधार किया जाए।
जल जीवन मिशन की जांच: मुख्यमंत्री समूह जल प्रदाय योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के नाम पर क्षतिग्रस्त की गई सड़कों की मरम्मत कराई जाए और योजना में हुए भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच हो।
बिजली बिलों में सुधार: मनमाने और अनुमानित बिजली बिलों पर रोक लगाकर वास्तविक रीडिंग के आधार पर बिल जारी हों। बिना पूर्व सूचना गांवों की बिजली काटना बंद कर 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति मिले।
अवैध नशे व अपराधों पर अंकुश: क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध जुआ, सट्टा, शराब, गांजा, ड्रग्स के कारोबार और बढ़ती चोरियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जनहित की इन जायज मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में क्षेत्रीय नागरिकों के साथ मिलकर गांधीवादी तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपते समय प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व मंत्री हर्ष यादव, जिला कांग्रेस प्रभारी राहुल शर्मा, जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा, सेवादल सागर जिलाध्यक्ष बी.डी. पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रिचा सिंह,विधानसभा प्रभारी कमलचंद जैन, यंग बिग्रेड जिला अध्यक्ष संजय रोहितास, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केसली अध्यक्ष शिवराज सिंह, अध्यक्ष नगर कांग्रेस कमेटी केसली, ब्लॉक कांग्रेस देवरी अध्यक्ष बाबा राजोरिया, जनपद पंचायत केसली अध्यक्ष प्रतिनिधि सरमन लोधी, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत केसली प्रतिनिधि सुखदेव अरेले, उमेश खेंहुरिया, राजेश शुक्ला, संदीप अरेले, राजकुमार (भूरे) सरपंच, अरविंद साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Continue With Google