अनूपपुर/ मध्य प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय के निर्देशों के परिपालन में इस वर्ष अनूपपुर जिले में होली का पर्व पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संदेश के साथ मनाया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अनूपपुर ने इस हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत जैतहरी को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

​लकड़ी के स्थान पर गौकाष्ठ का उपयोग

 शासन के निर्देशानुसार, पर्यावरण संरक्षण व वनों की कटाई से बचाने के लिए इस बार होलिका दहन में लकड़ी के स्थान पर गौकाष्ठ (गोबर से निर्मित लकड़ी) और उपलों के उपयोग को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए जन-सहभागिता और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक स्तर पर गौकाष्ठ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

​प्राकृतिक रंगों और भाईचारे का संदेश

 जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ​जल संरक्षण के दृष्टिगत प्राकृतिक और हर्बल रंगों से होली खेलें। ​ पशु-पक्षियों पर रंग न डालने का संकल्प लें। ​हुड़दंग और नशे से दूर रहकर आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ उत्सव मनाएं।

 नोडल अधिकारी जैतहरी को निर्देशित किया गया है कि वे मुख्य नगरपालिका अधिकारी के समन्वय से जिला स्तर पर इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं।