“ईमानदारी की मिसाल: 13 साल के राजवीर को मिला 2 लाख का चेक, पिता के साथ मिलकर पुलिस को सौंपा”
बुरहानपुर जिले के गणपति थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय बच्चे और उसके पिता ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। लोदीपुरा दरगाह हकीमी के पीछे रहने वाले राजवीर (पिता भीमराज) को रास्ते में दो लाख रुपये का चेक मिला।
राजवीर ने चेक मिलते ही इसकी जानकारी अपने पिता भीमराज को दी। इसके बाद पिता-पुत्र ने ईमानदारी दिखाते हुए तुरंत गणपति थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी विनोद परिहार से संपर्क किया। पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी।
जांच के बाद पता चला कि यह चेक लोदीपुरा हनुमान नगर निवासी मोहम्मद शाकिर हातिमअली का था, जो रास्ते में गिर गया था। थाना प्रभारी की मौजूदगी में बच्चे ने वह चेक उसके असली मालिक को सौंप दिया।
राजवीर और उसके पिता की ईमानदारी और समझदारी की पुलिस अधिकारियों ने भी सराहना की। इस अवसर पर थाना प्रभारी द्वारा बच्चे का सम्मान किया गया।
राजवीर और उसके पिता की इस ईमानदारी के चलते एक व्यापारी का बड़ा नुकसान होने से बच गया। इस घटना ने समाज में यह संदेश दिया है कि सच्चाई और ईमानदारी आज भी जिंदा है।

Continue With Google
Comments (0)