तीन दिवसीय गढ़ाकोटा रहस मेला का 26 फरवरी से शुभारंभ, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे उद्घाटन

गढाकोटा। सागर जिले के गढाकोटा में 217 वर्ष पुराने ऐतिहासिक रहस मेले का आयोजन 26 फरवरी से होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। मेले का शुभारंभ 26 फरवरी को प्रातः 11 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने बताया कि ऐतिहासिक दृष्टि से रहस मेला अत्यंत प्राचीन परंपरा का प्रतीक है। प्रारंभिक वर्षों में यह मेला पशुओं के क्रय-विक्रय तक सीमित था,लेकिन समय के साथ इसे व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया। आज यह मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं,बल्कि सामाजिक,सांस्कृतिक और शासकीय योजनाओं के लाभ वितरण का प्रमुख मंच बन चुका है।

*शासन की योजनाओं का मिलेगा लाभ*

पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मेला किसी व्यक्ति विशेष की संपत्ति नहीं,बल्कि हम सभी की धरोहर है। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे,जहाँ एक ही छत के नीचे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविरों के साथ-साथ विभिन्न विभागों द्वारा समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे,ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मेले की सार्थकता तभी है जब ज्यादा से ज्यादा पात्र हितग्राही लाभान्वित हों।

*सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम*

तीन दिवसीय रहस लोकोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 फरवरी की शाम बुंदेलखंड की प्रसिद्ध ‘राई’ लोकनृत्य की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय एवं प्रदेश स्तरीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।

मध्य प्रदेश की शान है रहस मेला

समिति के अध्यक्ष अभिषेक भार्गव के अनुसार,रहस मेला न केवल गढ़ाकोटा बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की शान है। यह इकलौता मेला है जो 217 वर्षों से निरंतर आयोजित होता आ रहा है। इतने लंबे समय तक परंपरा को बनाए रखना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है।26, 27 और 28 फरवरी तक चलने वाले इस मेले में प्रदेश एवं देश के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों सहित प्रदेश के सभी लोगों से मेले में सादर आमंत्रित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।