गुना: जनगणना कार्य में लापरवाही, प्रशासन की गलती पर पुताई का पर्दा
गुना। शहर में जनगणना जैसे संवेदनशील कार्य को लेकर प्रशासन की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। जानकारी के अनुसार, गुना शहर के भवनों पर अंकित जनगणना क्रमांकों को पुताई कर मिटाया जा रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अनुभवहीन कार्यकर्ताओं ने बिगाड़ा काम?
सूत्रों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण कार्य में अनुभवहीन कार्यकर्ताओं को नियुक्त किया गया था, जिनकी वजह से नंबर डालने की प्रक्रिया में गंभीर त्रुटियां हुईं। परिणामस्वरूप, प्रशासन अब इन गलतियों को छिपाने के प्रयास में जुटा है और पुताई कर काम को दबाने की कोशिश की जा रही है।
जनता से क्यों छिपाया जा रहा सच?
जब इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी से सवाल किया गया, तो उन्होंने जवाब देने से कतराते हुए कहा, "जो काम हो गया है, उसे पब्लिक को नहीं बताया जा सकता।" इसके बाद कई सवाल खड़े होते हैं:
- अगर काम सही था, तो उसे मिटाने की जरूरत क्यों पड़ी?
- कार्यकर्ताओं के चयन में सावधानी क्यों नहीं बरती गई?
- सरकारी खजाने से खर्च हुए धन की भरपाई कौन करेगा?
- क्या पुताई कर देने से प्रशासन की जवाबदेही खत्म हो जाती है?
भ्रष्टाचार और लापरवाही की बू
गुना की जनता अब यह सवाल उठा रही है कि क्या यह केवल एक तकनीकी गलती है या इसके पीछे किसी बड़े बजट को ठिकाने लगाने की साजिश है? एक तरफ प्रधानमंत्री 'डिजिटल इंडिया' और 'पारदर्शिता' की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ गुना का प्रशासन जनता से जानकारी छिपाने में लगा हुआ है।
गुना की जनता को सटीक जानकारी देने और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने के लिए प्रशासन को तुरंत कदम उठाना चाहिए।

Continue With Google
Comments (0)