आग का गोला बनी सड़क पर दौड़ती स्कूटी, बाल-बाल बचे दो छात्र
गुना में शिक्षिका की नजर ने टाला बड़ा हादसा
गुना के अशोकनगर रोड पर मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक भयानक हादसा होते-होते बच गया। हीराबाग क्षेत्र में दो किशोर अपनी स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे, जब उनकी गाड़ी अचानक "सड़क पर दौड़ता बारूद" बन गई।
सोनी कॉलोनी के छात्र मनन शर्मा अपने दोस्त के साथ स्कूटी (क्रमांक एमपी 08 एमवाय 3096) पर सिंगवासा तालाब की ओर जा रहे थे। उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि उनकी स्कूटी के पिछले हिस्से से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठ रहा है।
इसी बीच, प्राथमिक विद्यालय हरिपुर में पदस्थ शिक्षिका मंजू शर्मा, जो अपनी स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं, ने जलती स्कूटी को देखा। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना शोर मचाया और चिल्लाकर दोनों बच्चों को गाड़ी तुरंत रोकने के लिए आगाह किया।
- जैसे ही दोनों बच्चे नीचे उतरे, स्कूटी आग के शोलों में घिर गई।
- सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
- स्थानीय दुकानदारों ने धूल, बजरी और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने तेजी से पानी की बौछारें शुरू कीं, लेकिन पेट्रोल गाड़ी होने के कारण आग विकराल रूप ले चुकी थी। देखते ही देखते स्कूटी कंकाल में तब्दील हो गई।
छात्र ने बताया कि यह पेट्रोल स्कूटी महज दो-तीन साल पुरानी थी। आशंका है कि चूहे द्वारा कोई वायर कुतर दिए जाने या इंजन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह हादसा हुआ।
शिक्षिका मंजू शर्मा की पैनी नजर और सतर्कता ने बड़ा हादसा टाल दिया। बच्चों को सुरक्षित देखकर उनके चेहरे पर सकून साफ नजर आ रहा था। वाकई, अगर मंजू मैडम की सतर्कता न होती, तो आज गुना में एक बड़ा मातम पसर गया होता।
Continue With Google
Comments (0)