वीबी जी राम जी योजना में फर्जीवाड़ा: लोगों के जेंडर बदले, गीता बाई बनी लाखन सिंह

गुना जिले में वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इस योजना के जरिए गरीबों के अधिकारों का हनन करते हुए करोड़ों की राशि का गबन किया जा रहा है। गुना, आरोन और राधौगढ़ जनपद की दर्जनों पंचायतों में फर्जी मस्टर अपलोड कर पैसे निकाले जा रहे हैं।

एक विशेष मामले में मस्टर क्रमांक 35641 के तहत पोर्टल पर मजदूरों की लाइव फोटो अपलोड की गई, जिसमें पहले एक पुरुष की फोटो के साथ शान्तिबाई बंजारा का नाम दिखाया गया। दूसरे फोटो में एक युवती की तस्वीर के साथ गीताबाई बंजारा का नाम लिखा गया है। इसी मस्टर में फिर उसी युवती के फोटो के साथ लखन सिंह बंजारा का नाम दर्ज किया गया है।

इस योजना में फर्जीवाड़ा करने वालों ने मजदूरों के जेंडर तक बदल डाले हैं। वीबी जी राम जी योजना में फर्जीवाड़े की खबरें पहले भी चर्चा में रही हैं, लेकिन अधिकारियों के संज्ञान में होते हुए भी इसे रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई। करोड़ों के फर्जी मस्टर पास कर राशि निकाली जा रही है।

पिछले वर्ष भी इस तरह के फर्जीवाड़े सामने आए थे, जिसके बाद गुना जनपद के अधिकारियों ने कई पंचायतों में फर्जी मस्टर रिजेक्ट किए थे, लेकिन किसी भी पंचायत की जांच नहीं की गई। यह अनदेखी अधिकारियों की मिलीभगत हो सकती है।

अब देखना होगा कि इस बार कोई कार्यवाही होती है या फिर पूर्व की तरह इसे अनदेखा कर फर्जीवाड़े को बढ़ावा दिया जाएगा।