मुंगावली में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य प्रभात फेरी

मुंगावली: श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नगर में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह प्रभात फेरी श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर मलखवानी बावड़ी से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से होती हुई वापस मंदिर पहुंची।

प्रभात फेरी ने पोस्ट ऑफिस चौराहा, टॉकीज रोड, झिरिया मंदिर शीतला माता मंदिर, ताम्रकार मोहल्ला, कछीयाना मोहल्ला, श्री रामलीला मंच अथाई मोहल्ला, नया बाजार, गौड पूरा, बस स्टैंड, और जय स्तंभ चौराहा जैसे स्थलों का भ्रमण किया। फेरी का समापन श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर पर महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

इस आयोजन में भक्तगण श्री राम धुन और हनुमान जी के जयकारों के साथ भजन करते हुए शामिल हुए। नगरवासियों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने रंगोली बनाकर हनुमान जी के प्राकट्य दिवस पर आरती की।

हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़

नगर के प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखी गई। श्री हनुमान जी को भोग स्वरूप मगध के लड्डू, चना चिरौंजी और गुड़ का प्रसाद चढ़ाया गया। इस अवसर पर भक्तों ने अपने घरों और मंदिरों में अखंड रामायण जी का पाठ आरंभ किया, जिसका समापन दूसरे दिन भंडारे के साथ होगा।

सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश

हनुमान जयंती की शोभा यात्रा ने नगर में सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की। अथाई मोहल्ले में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष जलील खां जमीदार के नेतृत्व में मुस्लिम समाज ने श्रद्धालुओं के लिए जल और ठंडे पेय की व्यवस्था की।

नगर के मीठी झिरिया हनुमान जी मंदिर पर भी अखंड रामायण का पाठ शुरू हुआ, जो अगले दिन महाआरती और भंडारे के साथ संपन्न होगा।

इस आयोजन ने न केवल धार्मिक उत्सव का माहौल बनाया, बल्कि सांप्रदायिक सौहार्द और एकता का भी संदेश दिया।