टीकमगढ़। गौ संरक्षण और गौ सम्मान को लेकर सोमवार को टीकमगढ़ में व्यापक जनआंदोलन देखने को मिला। गौ सम्मान अभियान के तहत साधु-संतों, गौ सेवकों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने तथा देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर विशाल रैली निकाली। धार्मिक माहौल के बीच निकली इस रैली में "श्री राम जय राम जय जय राम" विजय महामंत्र के सामूहिक जाप के साथ अभियान का शुभारंभ हुआ। इसके बाद रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय को सौंपा गया।
रैली में बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज, विजय राघव मंदिर के महंत सुधीर मिश्रा, फलाहारी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, गौ सेवक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। पूरे मार्ग में गौ संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए गए और लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।
अभियान के संयोजक सुधीर मिश्रा एवं राहुल तिवारी ने बताया कि यह अभियान केवल टीकमगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर की 5,410 तहसीलों में एक साथ संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण करना और केंद्र सरकार का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित करना है।
ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। आयोजकों का कहना है कि गौवंश भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रहा है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का पहला चरण 27 अप्रैल को जिले की सभी तहसीलों में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए थे। सोमवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम इसी अभियान का दूसरा चरण था।
उन्होंने बताया कि जनजागरूकता बढ़ाने के लिए दीवार लेखन, पोस्टर, बैनर, हस्ताक्षर अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम भी लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को गौ संरक्षण अभियान से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर महंत सीताराम दास महाराज ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो देशभर के साधु-संत और गौ भक्त आगामी समय में दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण का मुद्दा भविष्य में होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पूरे शहर में धार्मिक एवं सामाजिक वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि गौ संरक्षण को लेकर समाज का एक बड़ा वर्ग अपनी आवाज बुलंद कर रहा है और इस विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर निर्णय की अपेक्षा रखता है।
Continue With Google
Comments (0)