भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जिले में संचालित मौसम इकाई को किया बंद, तापमान व मौसम पूर्वानुमान की जानकारी मिलना हुई बंद

बड़वानी- दिन-रात के तापमान के साथ आगामी दिनों में धूप, वर्षा, ठंड का पुर्वानुमान अब नहीं मिल पाएगा। शहर से 8 किमी दूर खंडवा-बडोदरा राजमार्ग पर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में संचालित मौसम विभाग की इकाई अब बंद हो चुकी है। भारत सरकार द्वारा कृषि मंत्रालय के माध्यम से भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) इसका संचालन करती थी। जिसे बंद करने के बाद 1 अप्रैल से मौसम संबंधित जानकारियां मिलना बंद हो गई। इसके साथ ही देशभर में संचालित 199 मौसम इकाईयों को भी बंद किया गया हैं। दरअसल खेती पर निर्भर निमाड़-अंचल के इस जिले में तापमान का अनुमान आमजन और किसानों के लिए काफी अहम होता हैं। कब मौसम में बदलाव आएगा, कब बारिश या आंधी की संभावना बन सकती हैं। खासकर मई-जून में क्षेत्र में गर्मी का रिकार्ड तापमान कितना रहा? इसकी अधिकृत जानकारी अब मिलना बंद हो चुकी है। जानकारी के अनुसार दिल्ली आईएमडी से बड़वानी सहित मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में जिला स्तर

पर 199 इकाईयां संचालित थी, जिन्हें बंद किया गया है। तलून स्थित इकाई पर कार्यरत मौसम विशेषज्ञ रवींद्रसिंह सिकरवार ने कहा कि आईएमडी ने 2024 में ही इकाईयों को बंद करने का आदेश निकाला था, जबकि इकाईयों के संचालन की स्वीकृति 2026 तक स्वीकृत थी, ऐसे में कोर्ट स्टे मिलने के बाद अब तक इसका संचालन जारी रहा। अब आईएमडी ने 31 मार्च 2026 से देशभर में संचालित 199 इकाईयों को अधिकृत रुप से बंद कर दिया। वे इकाई पर कार्यरत थे, अब नई जगह रोजगार की तलाश करना पड़ेगी।

स्थानीय स्तर पर प्रयास करेंगे-कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. सुरेंद्र बड़ोदिया ने कहा कि मौसम इकाई भारत सरकार की कृषि मंत्रालय के अधिन आईएमडी इसका संचालन करती थी। जिसे बंद किया है। हमारे केंद्र में स्टाफ कम हैं। फिर भी पूर्व में केवीके के विशेषज्ञ इसे संचालित कर चुके है। फिलहाल मौसम इकाई परिसर में स्थापित है। जल्द ही स्थानीय स्टाफ की मदद से इसे संचालित करने का प्रयास करेंगे।