52 दिन बाद आज से शुरु होगा पुराना कलेक्टोरेट के सामने का मार्ग दो माह से पूर्व अवधि में सीसी रोड का काम पूर्ण, सीएमओ-
सहायक यंत्री ने किया निरीक्षण

बड़वानी-शहर के मध्य पुराना कलेक्टर कार्यालय के सामने से पोस्टमार्टम कक्ष के पास तक नगर पालिका द्वारा लाखों रुपए खर्च कर सीमेंटीकरण काम कराया गया हैं। कार्य की शुरुआत 11 फरवरी से की गई थी। अब 52 दिन बाद सीसी रोड पूर्ण होने पर शनिवार से बाइक के लिए आवाजाही शुरु की जाएगी। वहीं 6 अप्रैल से मार्ग पूर्ण आवागमन के लिए खोला जाएगा। नपा सीएमओ सोनाली शर्मा, सहायक यंत्री पुष्पराज अजनारे ने ठेकेदार के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। सीएमओ शर्मा ने बताया कि कार्य समय सीमा में ही पूर्ण हो गया हैं। कार्य के दौरान मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद रखा गया था। इस दौरान व्यापारियों ने सीएमओ से मार्ग पर आवागमन शुरु करने की मांग की। इस पर सीएमओ ने 6 अप्रैल से मार्ग की शुरुआत की बात कही। हालांकि व्यापारियों महेश यादव, प्रवीण ठाकरे आदि ने सीएमओ से कहा कि फरवरी माह से मार्ग बंद होने से अब आर्थिक घाटा सहने की क्षमता नहीं रही। मार्ग  को जल्द शुरु कराया जाए। इस पर सीएमओ ने ठेकेदार से चर्चा कर आज से बाइक के लिए मार्ग शुरु करने और 6 अप्रैल से पूरी तरह मार्ग से आवागमन शुरु करने के निर्देश दिए।
*अब बनेगी साइड पटरी* सीएमओ शर्मा ने बताया कि मार्ग पर सीमेंटीकरण का काम हो चुका है। अब दोनों ओर दुकानों के सामने साइड पटरी पर सीमेंटीकरण किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से कार्य के दौरान सहयोग की अपेक्षा की। वहीं दुकानदारों ने साइड पटरी का कार्य भी जल्द पूर्ण कराने का अनुरोध किया।