जबलपुर में नर्मदा नदी ने एक बार फिर तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। तिलवारा के दद्दा घाट पर नहाने गए तीन दोस्तों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक नदी में नहा रहे थे, तभी वे अनजाने में गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते तीनों नदी में डूब गए।

 

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, गोताखोर और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान मोईन खान, साहिल खान और राजा खान के रूप में हुई है। तीनों जबलपुर के मुजावर मोहल्ले के निवासी थे।

 

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दद्दा घाट के कुछ हिस्सों में अचानक गहराई और तेज बहाव होने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।