कट्ठीवाड़ा। जोबट विधानसभा क्षेत्र के लिए शिक्षा के मोर्चे पर एक बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी सामने आई है। वर्षों से जर्जर और असुरक्षित भवनों में चल रहे 54 शासकीय विद्यालयों को अब नए भवनों की सौगात मिलने जा रही है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति क्षेत्र की विधायक सेना महेश पटेल के लगातार प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है, जिससे हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा मिलने वाली है।
जानकारी के अनुसार, यह पहल केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि उदयगढ़, आलीराजपुर, जोबट, कट्ठीवाड़ा और चंद्रशेखर आजाद नगर जैसे विभिन्न विकासखंडों के स्कूल इसमें शामिल हैं। लंबे समय से जर्जर भवनों में पढ़ाई करने को मजबूर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को अब सुरक्षित, सुविधायुक्त और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
इन सभी विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों पर करीब 10 करोड़ 44 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। इस बड़े निवेश से न केवल भवनों की स्थिति सुधरेगी, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
इस उपलब्धि पर विधायक सेना महेश पटेल ने प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने बताया कि जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा वे लंबे समय से शासन स्तर पर उठा रहे थे और विधानसभा में भी इसे प्राथमिकता से रखा गया।

Continue With Google
Comments (0)