जोबट में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण, राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को उनके आदर्श अपनाने का संदेश
125वीं जयंती पर आयोजित समारोह में प्रभारी मंत्री संपतिया उइके और मंत्री नागर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधियों ने किया श्रद्धापूर्वक नमन
रिपोर्टर : मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर/जोबट, 06 जुलाई 2026। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर नगर परिषद जोबट में उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। मध्य प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके ने प्रतिमा का अनावरण कर डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रसेवा एवं राष्ट्रवाद के प्रति योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता चौहान, थांदला के पूर्व विधायक कलसिंह भाबर, भाजपा जिला अध्यक्ष मकू परवाल, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का त्याग, समर्पण और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने उनके राष्ट्रवादी विचारों और देश के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों के आदर्शों का अनुसरण कर ही देश को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
Continue With Google
Comments (0)