बोले- "मुंगावली के विकास के लिए जीवन के आखिरी चरण तक तत्पर रहूँगा"

​मुंगावली। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को मुंगावली पहुंचे। नगर परिषद ग्राउंड में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र को 1424.24 लाख (लगभग 14.24 करोड़) रुपये की लागत वाले 78 विकास कार्यों की सौगात दी। सिंधिया ने 245 लाख रुपये की लागत के 13 कार्यों का लोकार्पण और 1179.24 लाख रुपये के 65 कार्यों का शिलान्यास किया।

​"खाली हाथ नहीं आता मुंगावली"

​जनसभा को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुंगावली से उनका रिश्ता राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा "जिंदगी के प्रथम चरण से आखिरी चरण तक मुंगावली के विकास के लिए तत्पर रहूँगा। मैं जब भी यहाँ आता हूँ खाली हाथ नहीं आता। आज सड़क, रेल और अधोसंरचना के कार्यों के साथ पेयजल की बड़ी सौगातें लेकर आया हूँ।"

​बिसलेरी जैसी शुद्धता और करोड़ों की पेयजल योजनाएं

​पेयजल संकट पर बोलते हुए सिंधिया ने बताया कि पूरे अशोकनगर जिले के लिए 922 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत कराई गई है। उन्होंने विशेष रूप से मुंगावली के लिए घोषणाएं करते हुए कहाँ कि राजघाट पेयजल योजना के अंतर्गत 100 गाँवों के लिए राशि स्वीकृत की गई है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पानी पहुँच सके। पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 6 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत कराई गई है। वहीं ​जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत भुजरिया तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य इस अभियान के तहत कराने की बात कही। सिंधिया ने जोर देकर कहा कि आज नगर पालिका जो पानी दे रही है उसकी शुद्धता बिसलेरी की बोतल से भी बेहतर है।

​हितग्राहियों को लाभ और छात्राओं को मिली साइकिल

​कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र और नगर परिषद द्वारा पट्टों का वितरण किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र और स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिलें बांटी गईं। किसानों को कृषि यंत्र और दुधारू पशु योजना के तहत चेक व लाभ प्रदान किए गए।

​आत्मीयता: नव-विवाहित सहित शोक संवेदना व्यक्त करने पहुँचे सिंधिया

​कार्यक्रम के पहले सिंधिया ने नगर भ्रमण किया। इस दौरान वे नव विवाहित विमल प्रजापति के घर नव दंपत्ति को आशीर्वाद देने पहुँचे उसके बाद पूर्व विधायक चंद्रमोहन रावत का स्वास्थ्य जाना साथ ही सिंधिया कैलाश सेन की माताजी के निधन पर उनके घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की गई। नेताओं और जनता के बीच उनकी इस सादगी की चर्चा पूरे नगर में रही।

​कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

​इस अवसर पर मुंगावली विधायक बृजेंद्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ राजेश कुमार जैन, नगर परिषद अध्यक्ष नीतू नरेश ग्वाल, उपाध्यक्ष श्वेता मनीष मोदी, जनपद अध्यक्ष विजयालक्ष्मी जैन, जनपद उपाध्यक्ष उर्मिला यादव, जिला पंचायत सदस्य शीला जाटव और भाजपा महामंत्री नरेश ग्वाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।