* *केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्राइसाइकिल में समस्या के मामले पर लिया कड़ा एक्शन, मामला संज्ञान में आते ही लाभार्थी को उपलब्ध कराई नई ट्राइसाइकिल* *स्वयं अपनी टीम को भेजकर सिंधिया ने लाभार्थी के घर तक पहुंचाई नई ट्राइसाइकिल* *गुणवत्ता जांच के निर्देश, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार* *गुना/भोपाल।* केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को आयोजित हुए दिव्यांगजन किट वितरण के दौरान लाभार्थी को दी गई ट्राइसाइकिल में आई समस्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया। जानकारी के अनुसार बूढ़े बालाजी निवासी लाभार्थी रामरतन ओझा को कार्यक्रम में ट्राइसाइकिल प्रदान की गई थी। बाद में ट्राइसाइकिल में समस्या की जानकारी सामने आई जिस पर केन्द्रीय मंत्री ने त्वरित रूप से इस मामले का संज्ञान लिया और तत्काल अधिकारियों को निर्देश देते हुए संबंधित ट्राइसाइकिल को बदलवाने और लाभार्थी को नई ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने को कहा। उनके निर्देशों के बाद प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए रामरतन ओझा के पास नई ट्राइसाइकिल पहुँचाई गई। केन्द्रीय मंत्री की टीम खुद लाभार्थी के पास पहुंची और उसे नई ट्राइसाइकिल मुहैया कराई। *गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं स्वीकारः सिंधिया* केंद्रीय मंत्री ने इस घटना पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि दिव्यांगजन को दिए जाने वाले उपकरणों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वितरित उपकरणों की गुणवत्ता की विस्तृत जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो। *केन्द्रीय मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार* केंद्रीय मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि लाभार्थियों तक पहुँचने वाले सभी उपकरणों की गुणवत्ता और कार्यक्षमता की पूर्व जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि दिव्यांगजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ सम्मानपूर्वक और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुँचे।