कट्ठीवाड़ा के नूरजहां आम को 'बिगेस्ट मैंगो 2026 अवॉर्ड'
कट्ठीवाड़ा, मध्यप्रदेश के अद्वितीय नूरजहां आम ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। नई दिल्ली के जनकपुरी हाट में आयोजित मैंगो फेस्टिवल-2026 में कट्ठीवाड़ा के नूरजहां आम को "बिगेस्ट मैंगो 2026 अवॉर्ड" से सम्मानित किया गया।
यह उपलब्धि न केवल कट्ठीवाड़ा बल्कि पूरे अलीराजपुर जिले और मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। नूरजहां आम अपने विशाल आकार, अनोखे स्वाद और दुर्लभता के कारण देशभर में प्रसिद्ध है। इस प्रतिष्ठित आयोजन में आम प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी, जो इस अद्वितीय आम को देखने और जानने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही थी।
बावड़ी फार्म हाउस के भरत राज सिंह जादव ने बताया कि नूरजहां के साथ कट्ठीवाड़ा की अन्य विशेष आम की किस्में शंखनाद (नारियला) और तिरंगा भी प्रदर्शित की गईं। इन दोनों किस्मों ने भी अपनी अनूठी विशेषताओं के कारण दर्शकों का ध्यान खींचा और पूरे आयोजन में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
कट्ठीवाड़ा की जलवायु और प्राकृतिक वातावरण में तैयार होने वाली ये दुर्लभ आम की किस्में क्षेत्र की समृद्ध कृषि विरासत का प्रतीक हैं। इस राष्ट्रीय उपलब्धि से क्षेत्र के किसानों और आम उत्पादकों में उत्साह का माहौल है। भविष्य में इन विशिष्ट किस्मों की पहचान देश-विदेश में और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस सफलता ने कट्ठीवाड़ा को एक बार फिर से भारत के आम मानचित्र पर खास स्थान दिलाया है।
Continue With Google
Comments (0)