आलोट। रविवार को आलोट थाना परिसर में आगामी कावड़ यात्रा एवं ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आलोट एसडीएम विवेक कुमार सोनकर ने की। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने दोनों पर्वों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

बैठक में एसडीओपी पल्लवी गौर, थाना प्रभारी योगेश पाटीदार सहित नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर उपस्थित लोगों से चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि सभी पर्व शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति निर्मित न हो, इसका सभी लोग विशेष ध्यान रखें।

बैठक में शामिल आमजन एवं जनप्रतिनिधियों ने भी नगर की व्यवस्थाओं से जुड़े अपने-अपने सुझाव और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।