विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में मंगलवार को एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों के लिए नवीन बैरक का उद्घाटन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा वर्चुअली जुड़े और इस नई सुविधा का लोकार्पण किया।

केंद्रीय मंत्री ने दी बधाई

केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने इस नई सुविधा के लिए बधाई देते हुए कहा कि देश में हवाई अड्डों का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा अधिक सुलभ बन रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हवाई चप्पल वाले भी हवाई जहाज में सफर करें' विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि उड़ान योजना के माध्यम से लोगों को किफायती हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश में 10 हवाई अड्डों से उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं और आने वाले समय में अन्य जिलों में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि एयर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से गंभीर मरीजों को बड़े शहरों में बेहतर इलाज के लिए भेजा जा रहा है और भविष्य में इसे और विस्तार दिया जाएगा।

रीवा-रायपुर नई विमान सेवा का शुभारंभ

इस अवसर पर रीवा-रायपुर नई विमान सेवा के शुभारंभ पर भी शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में खजुराहो एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह, सीआईएसएफ कमांडेंट काशो उर्वशी शाह सहित एयरपोर्ट के अधिकारी-कर्मचारी और सीआईएसएफ जवान उपस्थित रहे।