पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में ली गई प्रस्तावना एवं समीक्षा बैठक-   अवैध शराब, जुआ-सट्टा के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस के दिए निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन श्री इरशाद वली द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम कॉन्फ्रेंस हॉल, छतरपुर में आयोजित प्रस्तावना एवं समीक्षा बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। प्रारंभ में पुलिस गार्ड द्वारा सलामी दी गई।

बैठक में जिले की भौगोलिक स्थिति, धार्मिक स्थलों तथा अनुभागवार थाना एवं चौकी की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही जिले में घटित अपराधों, साइबर अपराध की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। केन-बेतवा परियोजना से संबंधित गतिविधियों एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली गई।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा थानों में जप्त माल को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने तथा जप्त माल के शीघ्र निराकरण के संबंध में निर्देशित किया गया। साथ ही अवैध शराब, जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

आगामी श्री गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के स्थानों को चिन्हित करने, बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करने तथा लगातार पुलिस मूवमेंट बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने हेतु भी निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त अभिरक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन, थाना-चौकी एवं पुलिस आवासीय परिसरों में साफ-सफाई, बीट एवं माइक्रो-बीट व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, जेल से रिहा होने वाले व्यक्तियों की मॉनिटरिंग, जमीनी विवादों की निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा माइनर एक्ट के प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई सहित विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों को कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने हेतु तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप पुलिस महानिरीक्षक छतरपुर रेंज श्री विजय कुमार खत्री, पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले सहित जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Home Department of Madhya Pradesh Madhya Pradesh Police Jansampark Madhya Pradesh DIG Chhatarpur Range PRO Jansampark Chattarpur #mppolice #chhatarpur