संचालक कृषि ने प्राकृतिक खेती अंतर्गत जैव संसाधन केंद्र (BRC) धनवाही एवं कृषि गतिविधियों का किया निरीक्षण
मण्डला। संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास मध्यप्रदेश भोपाल श्री उमाशंकर भार्गव ने मण्डला जिले का भ्रमण कर विभिन्न ग्रामों में फसलों की स्थिति, दलहन उत्पादन, उर्वरक भंडारण सहित कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषकों से संवाद कर कृषि गतिविधियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संचालक कृषि श्री भार्गव ने मण्डला जिले के चिरईडोंगरी स्थित जैविक कृषि फार्म का निरीक्षण कर वहां संचालित कृषि गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के माध्यम से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों का अवलोकन किया।
इसके पश्चात विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम धनवाही स्थित प्राकृतिक खेती बायो रिसोर्स सेंटर (BRC) का निरीक्षण किया गया। यहां प्राकृतिक खेती के अंतर्गत तैयार किए जा रहे जीवामृत, बीजामृत, ब्रह्मास्त्र एवं नीमास्त्र सहित अन्य जैविक उत्पादों की जानकारी ली गई।
इस दौरान संचालक कृषि ने कृषि सखी रजनी मरावी से चर्चा कर BRC में तैयार किए जा रहे जैविक उत्पादों, उनकी उपयोगिता एवं किसानों तक पहुंच के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा जैविक संसाधनों के स्थानीय स्तर पर उत्पादन एवं उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
संचालक कृषि श्री भार्गव ने जिले में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा कृषकों द्वारा अपनाई जा रही विविध एवं नवाचार आधारित कृषि गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देकर किसानों की लागत कम करने, आय बढ़ाने तथा मृदा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएं।
Continue With Google