ओंकारेश्वर 

ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में लगा हुआ है। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। समाजसेवी ललित दुबे द्वारा जिला प्रशासन को श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके इसकी मांग कलेक्टर से की थी।

 कलेक्टर द्वारा इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए मंदिर प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए। गुरुवार शाम करीब 7 बजे मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी दीपक मालाकार एवं टीम को भेज कर जेपी चौक से पुराने पुल तक सफाई कराकर हरी कारपेट लगाने का कार्य प्रारंभ किया गया, जिससे अब गर्मी के मौसम में श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।

बताया गया कि शिवरात्रि पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा अस्थायी रूप से लाल नेट लगाई गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को तेज धूप से बचाव मिला था। लेकिन पर्व समाप्त होने के बाद लाल कारपेट वापस हटा लिया गया था। जिससे वृद्ध, महिला और बच्चों को भीषण गर्मी में नंगे पैर मंदिर तक पहुंचने में परेशानी हो रही थी। जनप्रतिनिधियों द्वारा जब कलेक्टर को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके साथ ही पुल से नर्मदा नदी में कूड़ा-कचरा फेंकने की घटनाओं को रोकने के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा जालियां भी लगाई गई हैं, जिससे नर्मदा नदी को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा। इससे नगर वासी और आसपास के होटल व्यवसायी भी नदी में गंदगी नहीं फेंक पाएंगे तथा पुल से कूदने जैसी घटनाओं पर भी रोक लगेगी।

निमाड़ क्षेत्र में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद ओंकारेश्वर के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था और अतिरिक्त छाया शेड लगाने की मांग भी प्रशासन से की है, ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।