तपती गर्मी में सेवा का संगम—लालबाग स्टेशन पर ‘जल सेवा अभियान’, यात्रियों को मिला अमृत सा राहत 

 

भीषण गर्मी के इस दौर में जहां सूरज आग बरसा रहा है, वहीं बुरहानपुर के लालबाग रेलवे स्टेशन पर मानवता और सेवा का अनोखा उदाहरण देखने को मिला। विप्र नारी शक्ति सेवा संस्था द्वारा यहां ‘जल सेवा अभियान’ चलाकर यात्रियों को ठंडा पानी और छाछ वितरित की गई, जिससे सफर कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।

“भीषण गर्मी में एक बूंद पानी, किसी के लिए अमृत से कम नहीं”—इस भाव को साकार करते हुए संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती गौरी दिनेश शर्मा के नेतृत्व में विप्र नारियों ने पूरे समर्पण के साथ यह सेवा कार्य किया। स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों के यात्रियों को ठंडा जल और छाछ के पैकेट वितरित किए गए, जिससे गर्मी से बेहाल यात्रियों के चेहरे पर सुकून साफ झलकता नजर आया।

यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य इस तपती गर्मी में किसी राहत से कम नहीं हैं। कई यात्रियों ने संस्था के सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है।

इस सेवा अभियान में पायल अवस्थी, आशा तिवारी, अमिता शुक्ला, शैली पवित्रे, वीणा सांगलीकर, समता बोहरा, अनामिका बारोले, संध्या भाले, सरोज रावल, प्रतिभा शुक्ला, मृदुला पाठक, मोहिनी शुक्ला, प्रियंका शर्मा, जयश्री तिवारी और वैष्णवी तिवारी सहित कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई और उत्साहपूर्वक सहयोग प्रदान किया।

संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती गौरी दिनेश शर्मा ने बताया कि ऐसे जनहितकारी सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आगामी मंगलवार को भी पुनः जल वितरण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी सदस्य भाग लेंगे।

यह अभियान न केवल यात्रियों के लिए राहत का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का मजबूत संदेश भी छोड़ गया।