प्रदेश भाजपा प्रवक्ता, पूर्व मंत्री, विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ,, दीदी
चुनावी हार की खीज निकाल रही तृणमूल, जीत जाते तो खून की नदियां बहा देते-अर्चना चिटनिस
बुरहानपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में आयोजित विजयोत्सव के बाद बंगाल की हिंसा पर तीखी प्रतिक्रिया
बुरहानपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में बुरहानपुर में आयोजित भाजपा के भव्य ‘विजयोत्सव-जन विश्वास का उत्सव’ के बाद पश्चिम बंगाल में हुई हिंसक घटना पर विधायक, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता श्री शुभेंदु अधिकारी जी के सहयोगी की निर्मम हत्या की घटना को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस का हिंसक और क्रूर चेहरा एक बार फिर देश के सामने उजागर हुआ है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए को मिली ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में बुरहानपुर में भाजपा का भव्य विजयोत्सव उत्साह एवं गौरव के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में झालमुड़ी वितरण कर लोकतंत्र की इस ऐतिहासिक जीत का स्वागत किया तथा प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बढ़ते जनविश्वास का उत्सव मनाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास और राष्ट्रहित की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा बंगाल में मिली विजय जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति को मजबूत कर रही है तथा आने वाले समय में विकास की यह यात्रा और तेज होगी।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में मिली यह विजय देश की जनता द्वारा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति पर लगाए गए विश्वास की स्पष्ट अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण जनता भाजपा एवं एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी दिखाई दे रही है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। गरीब, किसान, युवा, महिलाएं और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। यही कारण है कि जनता लगातार भाजपा पर अपना विश्वास व्यक्त कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में मिली सफलता भाजपा की संगठन शक्ति, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के स्नेह का परिणाम है।
लेकिन विजयोत्सव के कुछ ही समय बाद पश्चिम बंगाल से आई एक दुखद खबर ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। जानकारी प्राप्त हुई कि पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता श्री शुभेंदु अधिकारी जी के सहयोगी की तृणमूल कांग्रेस से जुड़े गुंडों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि राजनीतिक हिंसा, भय और आतंक के माध्यम से विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतंत्र की मूल भावना पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस चुनावी हार की खीज निकाल रही है। अगर वे चुनाव जीत जाते तो खून की नदियां बहा देते। राजनीतिक प्रतिशोध और हिंसा की राजनीति लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है तथा बंगाल में लगातार भय और आतंक का वातावरण बनाया जा रहा है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि गत विधानसभा चुनावों के दौरान संगठन की ओर से उन्हें पश्चिम बंगाल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने स्वयं वहां का भयावह वातावरण देखा है। चुनाव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच लगातार डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। उन्होंने कहा कि चुनाव संपन्न होने और उनके वापस लौटने के बाद भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के घरों में आग लगा दी गई थी। यह घटनाएं बताती हैं कि पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक अधिकारों को किस प्रकार कुचला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे मजबूत लोकतांत्रिक देश में हिंसा और हत्या की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। पश्चिम बंगाल में लगातार सामने आ रही घटनाएं वहां की बिगड़ती कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन को दर्शाती हैं। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन हिंसा, हत्या और आतंक के जरिए जनता एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि राज्य सरकार को तत्काल प्रभाव से इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलानी चाहिए, ताकि लोकतंत्र की मर्यादा और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। श्रीमती चिटनिस ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)