*मनगवां के जरहा में घर से 16 पेटी अवैध देशी शराब बरामद, आरोपी हिरासत में —
 महिला दरोगा पर एक अन्य आरोपी को लेनदेन कर बचाने के आरोप*

रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तमरा-जरहा में अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक घर से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी, जहां से करीब 16 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई। बताया जाता है कि यह शराब अनुराग सिंह उर्फ सयाने, निवासी ग्राम जरहा के घर से पकड़ी गई है। आबकारी विभाग की टीम ने मौके से बरामद शराब को अपने कब्जे में ले लिया है तथा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार इस अवैध शराब कारोबार में एक-दो अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ रही है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि मामले में आबकारी विभाग की एक महिला दरोगा पर लेन-देन कर आरोपी को बचाने का प्रयास करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।