*साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान: 'सेफ क्लिक 2.0' के तहत खिचकीड़ी पहुंची मानपुर पुलिस*
*ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय
मानपुर (उमरिया)। बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान – सेफ क्लिक 2.0" के तहत थाना मानपुर पुलिस ने नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित ग्राम खिचकीड़ी में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि थोड़ी-सी सावधानी बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है। लोगों को समझाया गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, सीवीवी या पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस टीम ने साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने बताया कि समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है।
जनजागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी मानपुर उपनिरीक्षक मुकेश मर्सकोले, आरक्षक सचिन पाटीदार, महेंद्र पटेल, प्रदीप सिंह, राजेंद्र साहू तथा महिला आरक्षक रागिनी उपस्थित रहीं। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। ग्रामीण क्षेत्रों तक डिजिटल सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की दिशा में थाना मानपुर पुलिस का यह अभियान एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल माना जा रहा है।
Continue With Google
Comments (0)