अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा है कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आपके द्वारा दान किया गया रक्त यदि किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा देता है, तो इससे अधिक सार्थक कार्य जीवन में और कोई नहीं हो सकता। कलेक्टर श्री पंचोली ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी युवा इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और रक्तदान शिविरों में सक्रिय रूप से हिस्सा लें। कलेक्टर श्री पंचोली आज अनूपपुर नगर के धनश्री पैलेस में आयोजित रक्तदान मोटिवेशनल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने यह भी कहा कि रक्तदान से समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। जब सभी वर्ग और समाज के लोग एक साथ मिलकर रक्तदान करते हैं, तो यह सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनता है। रक्तदान के माध्यम से समाज को जोड़ा जा सकता है और जरूरतमंदों को नया जीवन दिया जा सकता है। कलेक्टर श्री पंचोली ने सभी नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आव्हान किया। 

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री पंचोली ने 40 लोगों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. एस. आर. परस्ते, डॉ. एस. सी. राय, भारतीय रेडक्रास सोसायटी के सचिव श्री देवेन्द्र तिवारी, उपाध्यक्ष नगर परिषद जैतहरी श्री रवि राठौर, पत्रकारगण, जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक कार्यकर्ता, रक्तदाता सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला एवं आमजन उपस्थित रहे।