पलेरा के कल्पना स्कूल हायर सेकेंडरी स्कूल पर छात्र ने लगाए टीसी नहीं देने के गंभीर आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

दित्यपाल राजपूत 

पलेरा। पलेरा स्थित कल्पना हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य पर कक्षा 9-बी के छात्र अजय अहिरवार ने ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) जारी न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र का कहना है कि वह पिछले लगभग 15 दिनों से लगातार स्कूल के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसे टीसी नहीं दी जा रही है।

अजय अहिरवार ने बताया कि वह एक आर्थिक रूप से कमजोर दलित परिवार से है और दूसरे विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए उसे टीसी की आवश्यकता है। उसके अनुसार, स्कूल प्रबंधन पहले ₹1,500 फीस जमा करने की शर्त रख रहा है और तभी टीसी देने की बात कह रहा है।

छात्र का यह भी आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर प्राचार्य यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि पहले फीस जमा करो, उसके बाद ही टीसी दी जाएगी। छात्र का दावा है कि यदि समय पर टीसी नहीं मिली तो उसका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है।

अजय अहिरवार ने जिला कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही ऐसे निजी विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है, जो कथित रूप से फीस के कारण छात्रों को समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराते।