मध्यप्रदेश में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सियासी घमासान: जीतू पटवारी ने बीजेपी पर साधा निशाना, कांग्रेस बनाएगी निगरानी समितियां

 

मध्यप्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला करते हुए गैस संकट को आम जनता और छोटे व्यापारियों के लिए गंभीर समस्या बताया है।

 

पटवारी ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय हालात और सप्लाई में बाधा के चलते देश और प्रदेश में गैस की भारी किल्लत हो रही है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। अमेरिका के दबाव में समझौता करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हितों की अनदेखी की है।"उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में न केवल LPG की कीमतों में वृद्धि हुई है, बल्कि लोगों को खाली गैस सिलेंडर के साथ कतार में खड़ा होना पड़ रहा है।

 

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आड़े हाथों लेते हुए पटवारी ने कहा, "सरकार लाड़ली बहनों को 1500 रुपये देने की घोषणा कर रही है, लेकिन गैस सिलेंडर की कालाबाजारी में इसकी कीमत 1500 रुपये तक पहुंच गई है।"

कांग्रेस अब इस स्थिति से निपटने के लिए निगरानी समितियां बनाने की योजना बना रही है, जो कालाबाजारी पर नजर रखेंगी और जनता को राहत दिलाने का प्रयास करेंगी. गैस संकट पर बढ़ती सियासत ने आम नागरिकों की समस्याओं को और बढ़ा दिया है। ऐसे में सरकारों को इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना होगा।