दो दिन बाद लगेगा पुस्तक, यूनिफार्म मेला, अभिभावकों को अब तक नहीं मिली सिलेबस की सूची ?
-मेले में कितनी फर्म भाग लेगी, पुस्तकों के प्रकाशन को लेकर भी संशय
बड़वानी -जिले में निजी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के पुस्तक, यूनिफार्म और स्टेशनरी के महंगे खर्च को कम करने के लिए अपनी पसंद अनुसार खरीदी के लिए शिक्षा विभाग द्वारा पहली बार पुस्तक व यूनिफार्म मेले का तीन दिवसीय आयोजन जिला स्तर पर किया जाएगा। हालांकि अभी अभी कई विद्यार्थियों के परिणाम घोषित नहीं होने और पुस्तक मेले की अब तक स्कूलों द्वारा अभिभावकों को सूचना नहीं दी गई। ऐसे में विभाग द्वारा पुस्तक मेले के नाम पर औपचारिकता से इंकार नहीं किया जा सकता। बता दें कि उक्त मामले को लेकर दैनिक ध्रुव वाणी द्वारा गत वर्ष से लगातार पालको की मांग
पर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। जिससे इस बार शिक्षा विभाग द्वारा तीन दिवसीय पुस्तक मेले आयोजित किया जाएगा। दरअसल निजी स्कूलों द्वारा बीते वर्षों में विद्यार्थियों को ब्रांडेड महंगी पुस्तकें, यूनिफार्म, शूज आदि स्टेशनरी सामग्री चिह्नित दुकानों से खरीदी के लिए बाध्य किए जाने के मामले सामने आए हैं। इसको लेकर सामाजिक संगठन व सामाजिक कार्यकर्ता बीते वर्ष से लगातार पुस्तक मेला लगाने और नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसके चलते इस बार शिक्षा विभाग ने नया सत्र शुरु होने के पूर्व पुस्तक मेले लगाने की तैयारी की हैं। वहीं गत वर्ष
लगातार मांग व ज्ञापन उपरांत कलेक्टर ने निजी स्कूलों को अक्टूबर 2025 तक पाठ्यक्रमों की सूची मांग गई थी। सामाजिक कार्यकर्ता गणेश
पलसीकर ने कहा कि सभी स्कूलों की पुस्तक लिस्ट जिला शिक्षा को प्राप्त नहीं हुई हैं, ऐसे में पुस्तक मेले की औपचारिकता क्यों? साथ ही
अधिकांश स्कूलों में अब तक परिणाम नहीं आए हैं, अभिभावकों को स्कूल प्रबंधन द्वारा नए सत्र के लिए पुस्तकों की सूची तक नहीं दी गई हैं, तो पुस्तक मेले में अभिभावक अपने बच्चों के लिए पुस्तक की कैसे खरीदी करेंगे। पुस्तक मेले के पूर्व पुस्तक विक्रेताओं की सूची जारी नहीं की गई।
*दशहरा मैदान में तीन दिन लगेगा मेला*
प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) अधिनियम 2017 और सहपठित नियम 2020 के प्रावधानों का सम्यक रूप से पालन के लिए जिला मुख्यालय पर 28 से 30 मार्च तक जिला स्तरीय पुस्तक व गणवेश मेला आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन दशहरा मैदान में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। जिसमें अभिभावक विद्यार्थियों के लिए पुस्तक, स्टेशनरी, यूनिफार्म, शूज आदि की खरीदी कर पाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी शीला चौहान ने बताया कि पुस्तक मेले की तैयारी कर रहे हैं। हमारे द्वारा निजी स्कूलों को मेले की जानकारी प्रेषित की हैं। स्कूल प्रबंधकों द्वारा पालकों के अभिभावकों को सूचना दी है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं हैं। मेले में भाग लेने वाली फर्मों की सूची भी जारी की जाएगी।

Continue With Google
Comments (0)