खंडवा। मंगलवार सुबह 9:00 बजे सिंधी समाज द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन सिंधी समाज धर्मशाला के पास स्थित बगीचे में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

होली मिलन समारोह के अंतर्गत समाज के गमगीन (शोकग्रस्त) परिवारों को एक साथ बैठाकर समाज के लोगों एवं अन्य समाज के नागरिकों ने उन्हें गुलाल लगाकर पर्व में शामिल किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और उन्हें सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।

समाज के प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया कि सिंधी समाज द्वारा प्रतिवर्ष सामूहिक रूप से होली मिलन समारोह आयोजित किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य गमगीन परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें भी होली के पावन पर्व की खुशियों में शामिल करना है।

कार्यक्रम में सौहार्द, एकता और सामाजिक समरसता का भाव देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया।