सुरेश चंद्र बारिया का निधन...थम गई शिक्षा और सेवा की एक सशक्त आवाज़:
गायत्री परिवार, गौशाला और समाज सेवा से जुड़े रहे; कट्ठीवाड़ा अंचल में शोक की लहर,
शिक्षा जगत ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
प्रेम गुप्ता
कट्ठीवाड़ा। कट्ठीवाड़ा अंचल ने बुधवार को शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र की एक सम्मानित शख्सियत को खो दिया। वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेश बारिया का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे पिछले लगभग एक माह से अस्वस्थ चल रहे थे।
अपने लंबे शिक्षकीय जीवन में उन्होंने आज़ाद नगर, सेजावाड़ा, कट्ठीवाड़ा, बखतगढ़ सहित क्षेत्र के अनेक विद्यालयों में सेवाएं देकर अनेक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा दी। सरल स्वभाव, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों के कारण वे हर वर्ग में सम्मानित थे।
शिक्षा के साथ-साथ वे गायत्री परिवार, गौशाला और कई सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। स्थानीय बारिया समाज के वे एक प्रतिष्ठित और प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व माने जाते थे।
उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे कट्ठीवाड़ा अंचल में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, पूर्व विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके योगदान को समाज और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
Continue With Google
Comments (0)