स्वनिधि महोत्सव में आत्मनिर्भरता का संकल्प, पथ विक्रेताओं को मिला सम्मान

गुना, 28 जून 2026: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को शुभ विदाई गार्डन, गुना में "स्वनिधि महोत्सव" का भव्य आयोजन हुआ। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस अवसर पर कहा कि विकसित भारत-2047 का निर्माण तभी संभव है, जब समाज का अंतिम व्यक्ति आत्मनिर्भर और सशक्त बने।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गरीब, मेहनतकश और जरूरतमंद वर्ग को सम्मान के साथ आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी एवं पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक संबल प्रदान किया है। यह केवल एक ऋण योजना नहीं, बल्कि लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनी है।

जनकल्याणकारी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा लाभ

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग को सशक्त बनाना है।

स्वनिधि महोत्सव: सम्मान और आत्मनिर्भरता का उत्सव

महोत्सव की थीम "उत्साह • सम्मान • स्वाभिमान" और "Celebrating the Resilience of Street Vendors" रही। कार्यक्रम का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी एवं पथ विक्रेताओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का उत्सव मनाना था।

बिना गारंटी ऋण और डिजिटल सुविधा

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ₹50 हजार तक का बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण दिया जा रहा है। डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के लिए ₹1,600 तक कैशबैक तथा वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।

'स्वनिधि से समृद्धि' अभियान

स्वनिधि से समृद्धि (SSS) अभियान के माध्यम से हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। योजना की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2030 तक कर दी गई है।

गुना में 7 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को मिला लाभ

गुना नगर पालिका क्षेत्र में 10,500 से अधिक पथ विक्रेता पंजीकृत हैं, जिनमें से 7,000 से अधिक को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में हितग्राहियों को योजना की उपलब्धियों, डिजिटल भुगतान, समय पर ऋण अदायगी तथा आत्मनिर्भर व्यवसाय के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कंयाल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।