निसरपुर/सुसारी
कुक्षी-बड़वानी टोल मार्ग पर पिपलिया के समीप सोमवार की रात एक मारुति ईको वाहन, जो बड़वानी जिले से मजदूरों को लेकर गुजरात जा रहा था, टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतकों का मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शाम को शव परिजनों को सौंप दिए गए।
सोमवार रात लगभग 9 बजे बड़वानी की ओर से आ रहा एमपी 09 डीपी 8426 ईको वाहन ग्राम पिपलिया के पास पलट गया। वाहन में सवार एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
घटना में मृतकों की पहचान गंदरा पिता सरदार (उम्र 60 वर्ष) निवासी टेंनचा, तहसील पाटी, जिला बड़वानी तथा मंगिता पति रविंद्र (उम्र 22 वर्ष) निवासी पाटी, जिला बड़वानी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल प्रेमसिंह पिता कावरिया (उम्र 25 वर्ष), कालूसिंह पिता सरदन (उम्र 55 वर्ष), रविंद्र पिता सीताराम (उम्र 15 वर्ष), मुकेश पिता पठान (उम्र 22 वर्ष) सहित एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है, जिनका उपचार जारी है।
घटना को लेकर कुक्षी थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि वाहन दुर्घटना में दो लोगों की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

Continue With Google
Comments (0)